किक बाक्सिंग में पूविवि की टीम बनी चैम्पियन
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विवि के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित पुरुषों की अखिल भारतीय अंतर विवि किक बाक्सिंग प्रतियोगिता में पूविवि की टीम चैम्पियन रही। उपविजेता महर्षि दयानन्द विश्वविद्यालय रोहतक हरियाणा की टीम रही। तीसरे स्थान पर चण्ड़ीगढ़ विश्वविद्यालय मोहाली और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी की टीम चौथे स्थान पर रही। विजेता छात्रों को मुख्य अतिथि वित्त अधिकारी एमके सिंह व परीक्षा नियंत्रक बीके सिंह ने पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता के फुल कन्टैक्ट इवेन्ट 57 किलोग्राम भार वर्ग में पूविवि के संजय प्रसाद एवं विलासपुर विश्वविद्यालय के भूपेन्दर पटेल के बीच मुकाबला हुआ। अंकों के आधार पर संजय प्रसाद ने गोल्ड अर्जित किया। 91 किलोग्राम भार वर्ग में चण्ड़ीगढ़ विश्वविद्यालय के हरमनदीप एवं पूविवि के सुशील यादव के बीच मुकाबला हुआ। चण्ड़ीगढ़ विश्वविद्यालय के हरमनदीप ने गोल्ड अर्जित किया।
लो किक इवेन्ट 57 किलोग्राम भार वर्ग में चण्डीगढ़ विश्वविद्यालय के जगदीप सिंह ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के आशुतोष भारद्वाज को पराजित कर स्वर्ण अपने नाम कर लिया। 75 किलोग्राम भार वर्ग में पूर्वान्चल विश्वविद्यालय के चन्द्रसेन यादव ने लवली प्रोफेशनल के मोहन मेहराज को पराजित कर गोल्ड अर्जित किया।
रेफरी की भूमिका में राजीव कुमार, मो. नौशाद आलम, मो. आजाद खान, विनोद जांगिड़, हनी अरोड़ा, सतविन्दर सिंह, मो. अकरम उल्ला, उदयवीर सिंह, विजय सोलंकी, अरविन्द शेरवालिया रहे। इस मौके पर संजीव कुमार झांगड़ा, डॉ. आलोक कुमार सिंह, डॉ. विजय प्रताप तिवारी, डॉ. अनुराम मिश्र, शकील गूजर, मनोज यादव व अनिल अस्थाना मौजूद रहे।